शिक्षा: 12वीं पास कार में लालबत्ती लगाकर, आइपीएस अधिकारी बन पुलिस पर झाड़ा रौब,धरा


पश्चिमी दिल्ली : शिक्षा: 12वीं पास और दुस्साहस इतना कि खुद को आइपीएस अधिकारी बताता था। लालबत्ती लगी गाड़ी से घूमकर आम लोगों पर ही नहीं, बल्कि पुलिस अधिकारियों पर भी रौब झाड़ता था। घटना बुधवार रात अपनी गाड़ी में दिल्ली पुलिस का लोगो और पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम (पीए सिस्टम) लगाकर हरिनगर इलाके में पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश देने लगा, तभी पश्चिम जिला पुलिस ने उसके झूठ को बेनकाब करते हुए धर दबोचा। आरोपित की पहचान दिव्य मल्होत्र (34) के रूप में हुई है। उसके पास से एक एसेंट कार, दो लालबत्ती और एक पीए सिस्टम भी बरामद हुआ है। अब हरिनगर थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि बुधवार रात पुलिस जनरल गश्त पर थी। इसलिए दिल्ली पुलिस के ज्यादातर अधिकारी भी गश्त पर थे। इस दौरान हरिनगर इलाके में मिराज सिनेमा के पास पिकेट लगी थी। रात करीब 10.20 बजे एक एसेंट कार वहां आकर रुकी। कार पर लालबत्ती के साथ दिल्ली पुलिस का लोगो भी लगा था। उसमें बैठा युवक पिकेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों को अपने पीए सिस्टम से दिशा-निर्देश देने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की तो उसने खुद को आइपीएस अधिकारी बताया, लेकिन पुलिसकर्मियों को यकीन नहीं हुआ। उन्होंने परिचय पत्र मांगा तो युवक असहज हो गया। इसके बाद खुद को एसीपी का बेटा बताकर अंजाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सच्चाई कबूल ली।