सोचने-समझने से हल होती हैं समस्याएं, बाबाओं के पास जाने से नहीं : नरपत चारण


कोई भी व्यक्ति चाहे वो अमीर हो या गरीब, अनपढ़ हो या पढ़ा-लिखा उसके जीवन में निराशा, कष्ट और पीड़ा का बुरा वक़्त आता ही हैं।

ऐसी परिस्थिति में इंसान अपने विवेक, तर्क और बुद्धि को छोड़कर जल्द से जल्द अपने कष्टों का निराकरण ढूंढ़ता है और ईश्वरीय शांति रूपी औषधि की तलाश में भटकते हुए किसी 'बाबा' के पास चला जाता है। तब वो तथाकथित 'बाबा' उनकी भावनाओं से खेलकर गलत फायदा उठाते हैं।

कमाल की बात है कि हर काम में असफल होने वाला नाकारा व्यक्ति देश के करोड़ों लोगों का भाग्य विधाता बन जाता हैं और अपने कष्टों और पीड़ाओं से त्रस्त लोग सुख की चाह में इनके चंगुल में फंस जाते हैं। फिर वे इन लोगों का आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण करते हैं।